चाइनीज माँझा नहीं बेचने की शपथ पर व्यापारी का सम्मान, ‘कंपेन अगेंस्ट चाइनीज माँझा’ अभियान को मिला ज़ोरदार जनसमर्थन

सरदारशहर एक्सप्रेस 29 दिसंबर 2025/ मनीष पांडिया। शहर में जानलेवा चाइनीज माँझे के ख़िलाफ़ चल रहे “कंपेन अगेंस्ट चाइनीज माँझा” अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायी पहल सामने आई। अभियान के तहत निर्मल बाबा स्टोर के मालिक निर्मल सेवदा द्वारा अपनी दुकान पर चाइनीज माँझा न बेचने की शपथ लेने पर शहर के जागरूक युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा माल्यार्पण कर व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि चाइनीज माँझा मानव जीवन, पक्षियों एवं पर्यावरण के लिए अत्यंत घातक है। हर वर्ष इससे अनेक निर्दोष लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं और कई की असमय मौत तक हो जाती है। ऐसे में निर्मल सेवदा का यह संकल्प केवल एक व्यापारी का निर्णय नहीं, बल्कि समाज के प्रति कर्तव्य निभाने का सशक्त उदाहरण है। वक्ताओं ने सभी दुकानदारों, नागरिकों एवं युवाओं से इस अभियान से जुड़कर चाइनीज माँझे के पूर्ण बहिष्कार की अपील की। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता हुलासमल व्यास ने अपने ओजस्वी संबोधन में नगर परिषद, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि इस गंभीर विषय पर केवल बयानबाज़ी नहीं, बल्कि ठोस और सख़्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाज एकजुट होकर सख़्ती नहीं दिखाएंगे, तब तक यह जानलेवा माँझा पूरी तरह समाप्त नहीं होगा। उन्होंने चाइनीज माँझा बेचने वालों पर कठोर कार्रवाई, नियमित निरीक्षण तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की मांग की। इस अवसर पर हुलासमल व्यास, महावीर माली, सुभाष शर्मा, अमित शर्मा, बाबूलाल स्वामी, प्रदीप कुमार खेड़ीवाल, प्रवीण कुमार शर्मा, भानु प्रकाश दानोदिया, हरिराम सारण, लाल बहादुर सेवदा, अरुण शर्मा, रोहित सोनी, मुकेश सेवदा, मांगीलाल भांभू, राजेश जाड़ीवाल, मुकेश माली, मनोज चोटिया, नारायण, नटराज दीक्षित, नरेन्द्र कुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा संदेश दिया गया कि चाइनीज माँझा नहीं, सुरक्षित परंपरागत माँझा अपनाएँ। मुनाफ़े से बड़ा मानव जीवन है। जो व्यापारी चाइनीज माँझा बेचता है, वह समाज के ख़िलाफ़ अपराध कर रहा है। यह आयोजन समाज के लिए एक सख़्त चेतावनी और सकारात्मक संदेश है कि यदि व्यापारी वर्ग ठान ले, तो चाइनीज माँझा स्वतः ही बाज़ार से समाप्त हो सकता है। अब आवश्यकता है कि हर नागरिक इस अभियान का हिस्सा बने और इस जानलेवा माँझे के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई लड़े।

Contact for Ads - Sardarshahar Express