सम्पतसिंह राजपुरोहित की शिकायत, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग नई दिल्ली ने जोधपुर पुलिस आयुक्त से रिपोर्ट तलब की

सरदारशहर एक्सप्रेस 9 जनवरी 2026/ मनीष पांडिया। जोधपुर में एक महिला की आत्महत्या से जुड़े मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली ने पुलिस की भूमिका पर संज्ञान लेते हुए जोधपुर के पुलिस आयुक्त से अतिरिक्त जानकारी मांगी है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (भारत) के राज्य जनसंपर्क अधिकारी सम्पत सिंह राजपुरोहित द्वारा आयोग में प्रस्तुत शिकायत के आधार पर की गई है। आयोग के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 30 अप्रैल 2025 को जोधपुर की निवासी कविता चौहान के साथ मारपीट और जातिगत दुर्व्यवहार हुआ। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, किंतु आरोप है कि शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। बाद में पीड़िता ने आत्महत्या कर ली। जोधपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा आयोग को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि पीड़िता की शिकायत पर केस क्राइम नंबर 104/25 दर्ज किया गया था। पीड़िता की मृत्यु के पश्चात परिजनों की रिपोर्ट पर केस क्राइम नंबर 107/25 भी दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। दोनों मामलों की जांच फिलहाल प्रचलित बताई गई है। हालांकि, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली ने अपनी टिप्पणी में कहा है कि पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में उस विशिष्ट आरोप पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की गई, जिसमें कहा गया था कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण पीड़िता को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा।

मामले पर निगरानी

सूत्रों के अनुसार, सम्पत सिंह राजपुरोहित, राज्य जनसंपर्क अधिकारी, राष्ट्रीय अपराध जाँच ब्यूरो (भारत), इस पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं और आयोग के निर्देशों के अनुपालन पर नजर बनाए हुए हैं।

अगली सुनवाई राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली ने पुलिस आयुक्त, जोधपुर को निर्देश दिया है कि मांगी गई अतिरिक्त रिपोर्ट 01 फरवरी 2026 तक प्रस्तुत की जाए। इसके पश्चात आयोग द्वारा मामले पर अगली सुनवाई/विचार किया जाएगा।

Contact for Ads - Sardarshahar Express