सरदारशहर एक्सप्रेस 24 दिसंबर 2025/ मनीष पांडिया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सवाई बड़ी में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से व्यावसायिक शिक्षा (CBSE – BFSI) के अंतर्गत एक प्रेरणादायी गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा, कौशल विकास एवं करियर संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक (LIC) हुलासमल व्यास मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में शिक्षा के वास्तविक महत्व, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं कौशल आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। व्यास ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित न रहकर व्यवहारिक, कौशलप्रधान एवं रोजगार से जुड़ी होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थी आत्मनिर्भर बन सकें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन एवं निरंतर परिश्रम के महत्व को सरल एवं रोचक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उनके अनुभवों से भरे वक्तव्य ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रेरित किया।
साथ ही उन्होंने BFSI सेक्टर में उपलब्ध करियर अवसरों पर भी विस्तार से जानकारी दी तथा बैंकिंग, बीमा एवं वित्तीय सेवाओं में रोजगार की व्यापक संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने छात्रों को समय रहते सही दिशा में तैयारी शुरू करने का आह्वान किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य लक्ष्मी पारीक एवं समस्त स्टाफ ने हुलासमल व्यास का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे अनुभवी एवं प्रेरक व्यक्तित्वों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं भविष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित होता है। कार्यक्रम में वैशाली झाझड़िया, कोशल मिश्र, मदन सिंह पुरोहित, राजकुमार तिवारी, गोपालराम जांगिड सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं प्रधानाचार्य लक्ष्मी पारीक द्वारा हुलासमल व्यास का सम्मान कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
रोज़गारोन्मुख शिक्षा से ही बनेगा सशक्त भविष्य सवाई बड़ी स्कूल में प्रेरक गेस्ट लेक्चर










