सरदारशहर एक्सप्रेस। मानवता, सेवा और परोपकार की मिसाल पेश करते हुए सेठों की गली निवासी बजरंग लाल छाजेड़ (पुत्र स्व. जसकरण जी छाजेड़) के निधन के बाद उनके परिवारजनों ने एक प्रेरणादायक निर्णय लिया। गम की इस घड़ी में परिवार ने उनके नेत्रदान के लिए सहमति देकर दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में उजाला भरने का काम किया। यह नेत्रदान प्राणनाथ हॉस्पिटल एवं तेरापंथ युवक परिषद सरदारशहर के सहयोग से सम्पन्न हुआ। आई बैंक सोसायटी ऑफ राजस्थान, चूरू चैप्टर की टीम ने सफलतापूर्वक नेत्र संग्रह किया।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि इस केन्द्र का यह 38वां नेत्रदान है, जो क्षेत्र में बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है। छाजेड़ परिवार ने अपने दुख को परे रखते हुए समाज के लिए जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह निश्चित ही दूसरों को भी प्रेरित करेगा। नेत्रदान जैसे पुनीत कार्य से किसी के अंधेरे जीवन में रोशनी लाई जा सकती है, और यही संदेश इस प्रेरणादायक पहल के माध्यम से समाज को दिया गया है।
बजरंगलाल छाजेड़ के नेत्रदान से दो लोग देखेंगे दुनिया











