कांग्रेस कमेटी एससी विभाग की नगर व देहात अध्यक्ष घोषित

सरदारशहर एक्सप्रेस 2 फरवरी 2026/ मनीष पांडिया। कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति (एससी) विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एससी विभाग एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश ने सरदारशहर के नगर एवं देहात अध्यक्ष की सूची जारी की। इस घोषणा के तहत सरदारशहर नगर अध्यक्ष पद पर गौरव कुरील तथा देहात अध्यक्ष पद पर कालूराम मेघवाल को मनोनीत किया गया है। गौरतलब है कि दोनों ही पदों पर युवा नेतृत्व को अवसर दिया गया है। नवनियुक्त नगर व देहात अध्यक्ष इससे पूर्व राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ के पदाधिकारी रह चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव रखते हैं, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष गौरव कुरील एवं देहात अध्यक्ष कालूराम मेघवाल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश, सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा एवं कांग्रेस कमेटी के (एससी) के जिला अध्यक्ष एडवोकेट सुरेश कल्ला का आभार व्यक्त किया। नगर अध्यक्ष गौरव कुरील ने कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि युवा नेतृत्व के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

Contact for Ads - Sardarshahar Express