सरदारशहर एक्सप्रेस/ मनीष पांडिया। बीकानेर रोड मार्केट सोसायटी के व्यापारियों ने क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई गंदे पानी की निकासी की गंभीर समस्या को लेकर राज्य सरकार तक आवाज उठाई है। सोसायटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर समस्या के स्थाई समाधान की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाबेल पर्यावरण चौक से श्रीडूंगरगढ़ जाने वाली सड़क पर स्थित पम्प हाउस के बावजूद गंदे पानी की निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। पम्प हाउस में लगी मोटर बार-बार जल जाने के कारण सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है, जिससे आवागमन बाधित होता है और व्यापार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानों के सामने लगातार गंदा पानी भरा रहता है। आसपास की उत्तरी और दक्षिणी आवासीय कॉलोनियों, बापा सेवा सदन तथा सोमनाथ मंदिर क्षेत्र से आने वाला पानी भी इसी सड़क पर इकट्ठा हो जाता है। बारिश के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते हैं, जिससे महाराणा प्रताप स्कूल के जाट विकास परिषद के सामने जमींदार पाइप उद्योग के सामने सांवरिया एजेंसीज के सामने एवं आगे धर्मकांटा के पास और मंगलम टाइल्स के सामने सड़क पर जलभराव स्थायी समस्या बन चुकी है।
व्यापारियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 24 अगस्त 2024 को इस मुद्दे पर व्यापारियों द्वारा आंदोलन किया गया था, जिस पर प्रशासन ने 7 दिन में समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। सोसायटी ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के दोनों ओर की कॉलोनियों के गंदे पानी की निकासी के लिए उचित चैनल बनाकर उन्हें पम्प हाउस से जोड़ा जाए, ताकि स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही बाबेल पर्यावरण चौक से रेलवे लाइन तक निरीक्षण कर समस्या का शीघ्र निवारण करने की अपील की गई है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर सोसायटी अध्यक्ष मांगीलाल पूनिया, सचिव नरेन्द्र शर्मा, माणकचंद भाटी, गिरधारी कम्मा, हेमंत डांगी, सुनील राजपुरोहित, कमलेश राजपुरोहित, संजय जोशी, श्रीचंद व्यास, विकास पारीक, जोंटी पारीक, जयप्रकाश पारीक, भादरमल जांगिड़, परमेश्वर पारीक, सहित अनेक व्यापारी उपस्थिति रहे।











