विधिक जागरूकता की गूंज: पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम व महिला सशक्तिकरण पर चला व्यापक जन-जागरूकता अभियान

सरदारशहर एक्सप्रेस 1 जनवरी 2026/ मनीष पांडिया। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चूरू के निर्देश पर 1 जनवरी 2026 को तालुका विधिक सेवा समिति सरदारशहर के तत्वावधान में स्थानीय बस स्टैंड पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता अजय कुमार सारण द्वारा शीतकालीन महीनों में तेजी से बढ़ते पर्यावरणीय प्रदूषण, विशेषकर देश के विभिन्न हिस्सों में वायु गुणवत्ता में हो रही गिरावट को दृष्टिगत रखते हुए पैन-इंडिया पर्यावरणीय विधिक साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण पहल के अंतर्गत आमजन को जागरूक किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “नई चेतना 4.0” अभियान के अंतर्गत बाल विवाह रोकथाम एवं महिलाओं के विरुद्ध लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ विधिक अधिकारों व कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ता ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने हेतु जनभागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने तथा भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए आज से ही जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान के द्वितीय चरण की जानकारी देते हुए आमजन से अपनी जन-उपयोगी एवं विधिक समस्याओं के समाधान के लिए इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम को लेकर आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा विधिक सेवा संस्थाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।

Contact for Ads - Sardarshahar Express