सरदारशहर एक्सप्रेस 2 फरवरी 2026/ मनीष पांडिया। सरदारशहर। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत फोगां स्थित करनी एवं ओरण नंदीशाला में 9 दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। इस पावन आयोजन का आयोजन मोहनी देवी (स्व.) भंवरलाल पारीक, मनोहरी देवी पत्नी देवकीनंदन पारीक, कठोतिया परिवार द्वारा किया जा रहा है। कथा के यजमान देवकीनंदन पारीक एवं संतोष कुमार सहपत्नीक हैं। श्रीराम कथा का वाचन अनंत श्री विभूषित श्रीमद् दंडी स्वामी जोगेंद्र आश्रम जी महाराज के शिष्य, श्रीमद् दंडी स्वामी शिविनंदराश्रम जी महाराज, पीठाधीश्वर भगवती चंद्रकाली शक्तिपीठ राजलदेसर द्वारा किया जाएगा। कथा के शुभारंभ अवसर पर ठाकुर जी महाराज के मंदिर से कथा प्रांगण तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं ने श्रद्धा पूर्वक भाग लिया।
पंडित के गुरुकुल आश्रम के नन्हे बालकों ने कीर्तन-भजन करते हुए मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर शिव प्रसाद पारीक, विद्याधर पारीक, द्वारका प्रसाद पारीक, पहलाद राम, रामदेवाराम, परमेश्वर लाल, ओमगिरी गोस्वामी, गोविंद सहित अनेक श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण में सहयोग किया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं एवं ग्रामवासियों की भारी उपस्थिति रही। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ राम कथा का शुभारंभ हुआ। ग्राम फोगां में आयोजित यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है।
फोगां ग्राम पंचायत में 9 दिवसीय राम कथा का भव्य शुभारंभ











