किशोरी मेले का रंगारंग आयोजन, 40 स्टॉलों ने किया आकर्षित

सरदारशहर एक्सप्रेस 2 फरवरी 2026/ मनीष पांडिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय (केजीबीवी) टाइप प्रथम, सरदारशहर में विभागीय निर्देशानुसार किशोरी मेले का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा चूरू सरिता आत्रे एवं जिला बालिका कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र सैनी ने किया। इस अवसर पर परियोजना समन्वयक सरिता आत्रे ने कहा कि केजीबीवी सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अंतर्गत बालिकाओं को निःशुल्क शिक्षा के साथ आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। योजना का मुख्य उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। जिला बालिका कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र सैनी ने बताया कि केजीबीवी केवल शैक्षणिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि बालिकाओं की पाठ्यसहगामी प्रतिभाओं को निखारते हुए उनके सर्वांगीण विकास का कार्य करता है। किशोरी मेला इसी उद्देश्य की पूर्ति का एक सशक्त माध्यम है। शहरी संकुल प्रारम्भिक अधिकारी गौरीशंकर शर्मा ने विद्यालय के स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि केजीबीवी टाइप प्रथम का स्टाफ अत्यंत मेहनती है तथा विद्यालय की व्यवस्थाएं प्रशंसनीय हैं। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका इन्द्रावती बांगड़वा ने जानकारी दी कि मेले में विज्ञान, गणित एवं अन्य विषयों पर आधारित कुल 40 शिक्षण स्टॉल विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए। शहर के 9 विद्यालयों के लगभग 300 विद्यार्थियों ने मेले में भाग लिया एवं स्टॉलों का अवलोकन किया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए भोजन व्यवस्था केजीबीवी द्वारा की गई। वार्डन दीक्षा धींगड़ा ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपहार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पूर्व वार्डन नीतू पुनिया को स्मृति चिन्ह भेंट कर विदाई दी गई। कार्यक्रम की सफलता में केजीबीवी की स्टाफ सदस्य सीमा, सम्पत, रुचिका, सुमन एवं रूकमणी का विशेष योगदान रहा। मौके पर भामाशाह एवं पूर्व सरपंच मदन पारीक ने उपस्थित होकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। यूसीओ प्रभारी विक्रान्त अरोड़ा ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया एवं मंच संचालन किया। विभिन्न विद्यालयों से आए स्टाफ सदस्यों मनोज जोशी, राकेश सुथार, चंद्रशेखर, रवीना, योगेश खिंची, सुमन शर्मा, मीनू शर्मा, किरण सोनी, नीता लाटा, मनोहर जेदिया, पुष्पा एवं किरण की उपस्थिति से कार्यक्रम सफल रहा।

Contact for Ads - Sardarshahar Express