सरदारशहर एक्सप्रेस। चूरू जिले में फर्जीवाड़े के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाओं ने फर्जी खेल प्रमाण पत्र और फर्जी सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे से सरकारी नौकरी हासिल की थी। एसओजी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में चूरू निवासी एकता थालोर पुत्री दिलीप सिंह और बीदासर निवासी बबीता जाखड़ पुत्री हरकराम शामिल हैं। बताया गया है कि बबीता जाखड़ का ससुराल सुजानगढ़ में है।
जांच में खुला बड़ा फर्जीवाड़ा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों महिलाओं ने खेलों के फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करवाकर और फर्जी सत्यापन रिपोर्ट लगाकर तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे का फायदा उठाया। इसी आधार पर दोनों को सरकारी शिक्षिका की नौकरी मिल गई।
बीदासर-सुजानगढ़-चूरू तक फैला नेटवर्क
एसओजी की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि फर्जी खेल प्रमाण पत्रों का पूरा नेटवर्क बीदासर, सुजानगढ़ और चूरू क्षेत्र तक फैला हुआ है। इस गिरोह के जरिए कई लोगों को लाभ पहुंचाने की आशंका जताई जा रही है।
और गिरफ्तारियों की संभावना
एसओजी की टीम अब इस पूरे फर्जी सर्टिफिकेट गिरोह की गहराई से जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
सरकारी भर्ती में फर्जीवाड़े पर कड़ा एक्शन:
राजस्थान में सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जांच एजेंसियां लगातार सख्त कार्रवाई कर रही हैं।











