सरदारशहर में लेखक से मिलिए परिचर्चा:साहित्यकार बोले- शब्द जीवन को परिवर्तित कर नई दिशा प्रदान करते हैं

सरदारशहर एक्सप्रेस 27 जुलाई 2023। कमला देवी गौरीदत्त मित्तल गर्ल्स कॉलेज में आईक्यूएसी द्वारा गुरुवार को लेखक से मिलिए परिचर्चा का आयोजन किया गया। हिन्दी साहित्य अकादमी, उदयपुर और कागज संस्थान सरदारशहर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित परिचर्चा में हिन्दी साहित्य की प्रख्यात विदुषी जया जदवानी, रायपुर, हिन्दी एवं राजस्थानी के साहित्यकार, मालचन्द तिवाड़ी, बीकानेर हिन्दी के विद्वान अशोक अनुराग तथा जितेंद्र शर्मा, सरदारशहर ने शिरकत की।कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य डॉ. मृत्युंजय कुमार पारीक ने अतिथियों का स्वागत कर परिचय प्रस्तुत किया। जया जदवानी ने छात्राओं से अपने अनुभव साझा करते हुए साहित्य के प्रति चेतन मन को जाग्रत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आप अपने सपनों को पूरा करने के लिए संकल्पवान बनें। जया जदवानी ने छात्राओं से निरन्तर पढ़ने तथा शब्दों को संजोकर अपनी परिधि का विस्तार करने का आह्वान किया। साहित्यकार मालचन्द तिवाड़ी ने कहा कि शब्द हमारे जीवन को परिवर्तित कर नवीन दिशा प्रदान करते है। अशोक अनुराग ने स्वतन्त्रता के साथ जिम्मेदारी को भी आत्मसात करने का आह्वान किया। वहीं परिचर्चा में मालचन्द तिवाड़ी ने जया जदवानी से स्त्री विमर्श से जुड़े अनेक प्रश्न किए। जिस पर जदवानी ने अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की हिन्दी व्याख्याता रीना वर्मा ने किया। कार्यक्रम में कॉलेज का स्टाफ और छात्राएं उपस्थित थीं।

Contact for Ads - Sardarshahar Express