नगरपरिषद की सख्ती: रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की सार्वजनिक सूचना जारी

सरदारशहर एक्सप्रेस 19 दिसंबर 2025/ मनीष पांडिया। नगरपरिषद सरदारशहर ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए रोडवेज बस स्टैंड से मजिस्ट्रेट आवास एवं कृष्णा बस स्टैंड परिसर तक फैले अतिक्रमण को हटाने की सार्वजनिक सूचना जारी की है। नगरपरिषद की ओर से जारी सूचना के अनुसार उक्त क्षेत्र में अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाना प्रस्तावित है। प्रशासन ने अतिक्रमणकर्ताओं को दो दिवस का समय देते हुए निर्देशित किया है कि वे स्वयं अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा लें। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने की स्थिति में नगरपरिषद द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। सूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन हाथ ठेला एवं स्ट्रीट वेंडर्स को पूर्व में लाइसेंस जारी किए गए थे, उनकी वैधता समाप्त हो चुकी है। ऐसे सभी स्ट्रीट वेंडर्स को पुनः लाइसेंस प्राप्त करने के लिए नगरपरिषद सरदारशहर में आवेदन प्रस्तुत करना होगा। लाइसेंस प्राप्त होने के बाद ही नगरपरिषद द्वारा आवंटित स्थान पर नगरपरिषद की नंबर प्लेट लगाकर ठेला लगाया जा सकेगा। नगरपरिषद ने चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस एवं बिना आवंटन के लगाए गए हाथ ठेलों को अवैध मानते हुए हटाया जाएगा तथा जप्ती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जप्ती के दौरान होने वाले समस्त खर्च की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की स्वयं की होगी। नगरपरिषद प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आमजन की सुविधा, यातायात की सुगमता और शहर की स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित छवि बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है। प्रशासन ने सभी संबंधित व्यक्तियों से सहयोग की अपील की है ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।

Contact for Ads - Sardarshahar Express