
सरदारशहर एक्सप्रेस 4 जून 2023। शहर के वार्ड 46 से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही इस कदर देखने को मिली कि आखिरकार कीचड़ व गंदगी से परेशान वार्ड वासियों ने भेरुजी महाराज को ज्ञापन देकर अपनी अरदास लगाई है। दरअसल वार्ड 46 में बोड़ीया कुआं के आसपास लम्बे समय से कीचड़ व गंदगी का आलम है। जो स्थानीय लोगों के लिए नासूर बन गया है। यहां पर प्राचीन काल से खेतरपाल भैरूं महाराज का मंदिर भी है। जो भक्तों की आस्था का केंद्र है। मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चे व अन्य भक्तजन श्रद्धा से शीश नवाते हैं। पर पिछले काफी समय से आसपास की सड़कों को ऊंचा उठाने के कारण यहां पर दिन भर कीचड़ व गंदगी रहती है। जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है। मंदिर पुजारी गोपाल नाई ने बताया कि मंदिर के आसपास की गलियों में रोजाना कीचड़ व गंदगी रहतीं है। जिसके बारे में बार-बार नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराकर थक चुकें है। बावजूद इसके समस्या ज्यों कि त्यों बनी है। कीचड़ के कारण मंदिर में आने वाले श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शन करने भी कर पाते। उक्त मार्ग 3 वार्डों में आने जाने का मुख्य मार्ग है। दिनभर यहां से सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। पर नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आंख मूंद रखी है। आखिरकार आज हार थक कर भैरू जी महाराज को ज्ञापन देकर इस समस्या का स्थाई समाधान करने की गुहार लगाई है। स्थानीय स्वर्णकार व्यापारी नवरत्न कांटा ने बताया कि आसपास की गलियां गंदगी से अटी पड़ी है, जो नगरपालिका के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। अब स्थानीय लोग भगवान भरोसे हैं। आज उन्हीं को अरदास लगाकर नासूर बनती इस समस्या के समाधान की मांग की है। स्थानीय निवासी हरिप्रसाद ढल्ला ने कहा कि गंदगी की दुर्गंध से खाना भी नहीं खा सकते। कीचड़ के कारण यहां पर भयंकर मच्छर पनप रहे हैं। जिससे मच्छर जनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। परेशान होकर आज भेंरुजी महाराज से अरदास लगाकर नगरपालिका प्रशासन को सद्बुद्धि देने की कामना की है। ताकि प्रशासन कोई ठोस कदम उठाकर इस समस्या का स्थाई समाधान करे।
ज्ञापन देने वालों में मंदिर पुजारी गोपाल नाई, बबलू जांगिड़, नवरत्न कांटा, विद्याधर पारीक, हरिप्रसाद ढल्ला, जोरमल झिंगा, रामअवतार ढल्ला, रमाशंकर माली, अनिल नाई, लालचंद नाई, रामलाल सैन, लक्की लढिया, अजय कुमार मंडल, ललितदास, मनोज कुमार, दीपिका सैन, लक्ष्मी देवी, चंदा देवी व सीता देवी सहित अनेक भक्तजन शामिल रहे।