स्वतंत्रता सेनानी को ग्रामीणों ने किया नमन, महिला कॉलेज की उठाई मांग
सरदारशहर एक्सप्रेस 7 दिसंबर 2025। रविवार को गांव फोगां भरथरी में स्वतंत्रता सेनानी गोपाल सिंह राजवी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नामकरण और प्रवेशद्वार का लोकार्पण किया गया। इस समारोह में पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ की पत्नी चांद कंवर, पैरा ओलंपिक खिलाड़ी देवेंद्र झाझड़िया, चूरू विधायक हरलाल सहारण शामिल हुए। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी गोपाल सिंह राजवी की प्रतिमा और चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। चांद कंवर राठौड़ ने सेनानी गोपाल सिंह राजवी के संघर्षपूर्ण जीवन और योगदान का संक्षिप्त परिचय दिया। उन्होंने कहा कि गांव का यह गौरवपूर्ण इतिहास नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा। पैरा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झाझड़िया ने बच्चों को स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल-कूद के महत्व पर सुझाव दिए। कार्यक्रम में छात्राओं के लिए कॉलेज की मांग उठी। पूर्व प्रिंसिपल ओमप्रकाश शर्मा ने लड़कियों के कॉलेज की स्थापना की मांग रखते हुए बताया कि फोगां के आसपास 10–12 गांव हैं, जहां से 12 वीं के बाद छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए बाहर जाना पड़ता है। विधायक हरलाल सहारण ने इस मांग पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। लोकार्पण राजवी परिवार की ओर से किया गया। जिसमें सभापति राजकरण चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन राजपुरोहित, जिला प्रमुख वंदना आर्य भी शामिल थीं। मंच पर अन्य अतिथियों में गिरधारीलाल पारीक, भालेरी थाना प्रभारी मांगूसिंह, सरपंच बनवारीलाल, राजेंद्रसिंह छाजूसर, पूर्व प्रधान भीखमसिंह राठौड़, दुर्गाराम पारीक, ग्राम विकास अधिकारी महेंद्रसिंह राजवी मौजूद थे।











