अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर सरदारशहर में निकलेगी विराट कलश व धर्मध्वजा यात्रा

सरदारशहर एक्सप्रेस। अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर श्री राम जन्मभूमि आनंदोत्सव समिति, सरदारशहर के तत्वावधान में दिनांक 21 जनवरी 2024 रविवार को विराट कलश व धर्म ध्वजा यात्रा निकलेगी। दोपहर सवा 1:00 बजे मित्तल महिला महाविद्यालय के पीछे ताल मैदान,सरदारशहर से यह धार्मिक यात्रा रवाना होकर मोती चौक से होते हुए मुख्य बाजार से गांधी चौक पहुंचेगी, जहां 3:00 बजे से भव्य सामुहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। इसके पश्चात भगवान श्री राम दरबार की महा आरती के साथ कार्यक्रम का सम्मापन होगा।समिति के खंड संयोजक प्रकाश प्रजापत ने बताया की सैकड़ो वर्षों की प्रतीक्षा के पश्चात अयोध्याजी में जन्मभूमि पर प्रभु श्रीराम के मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का पावन अवसर आ गया है। प्रत्येक सनातनी को इस अवसर पर आयोजित विराट कलश एवं धर्म ध्वजा यात्रा में भाग लेकर इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनना चाहिए। यात्रा संयोजक शोभाकांत स्वामी ने बताया कि इस यात्रा को भव्य बनाने के लिए राम भक्त तैयारी में जुटे हुए हैं। बाजार को सजाने के लिए व्यापार मंडल सजावट के कार्य में लगे हुए हैं। यात्रा के दौरान पूना महाराष्ट्र के कलाकार राजेन्द्र द्वारा रंगोलियां बनाकर मार्ग को सजाया जाएगा। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। सुंदरकांड पाठ के पश्चात तीन स्थानों पर फल व पंचमेवा के प्रसाद का वितरण किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा का यह पावन अवसर उत्सव के रूप में मनाने के लिए शहर के अशोक स्तम्भ, कृष्णा बस स्टैंड,पुलिस स्टेशन, कर्वा पार्क, नगर परिषद, गढ़ परिसर, घण्टाघर, बीकानेर बस स्टैंड, रेल्वे स्टेशन आदि परिसरों को सजाया जायेगा। शहर की सभी मातायें, भगिनी कलश यात्रा में और बंधुगण धर्मध्वजा धारण कर भगवान श्री रामलला के स्वागत में इस विराट धार्मिक आयोजन में भागीदार बने।

Contact for Ads - Sardarshahar Express