प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अप्रैल को चूरू आएंगे

सरदारशहर एक्सप्रेस न्यूज। पीएम भाजपा प्रत्याशी देवेन्द्र झाझड़िया के समर्थन में सभा करेंगे। सभा को लेकर पुलिस लाइन मैदान में बड़ा टेंट लगाया गया है। सभा स्थल नो-फ्लाइंग जोन रहेगा तथा इस एरिया में ड्रोन भी नहीं उड़ा सकेंगे। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।

भाजपा जिला महामंत्री अभिषेक चोटिया ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे चूरू पहुंचेंगे। पुलिस लाइन मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। सभा को लेकर 1050 गुणा 300 वर्ग फीट में जर्मन हैंगर डोम लगाया गया है। वहीं 64 गुणा 40 वर्ग फीट का स्टेज होगा, जिसकी उंचाई करीब 8 फीट रहेगी।

एसपी जय यादव ने बताया कि 5 अप्रैल को कलेक्ट्रेट से पंखा सर्किल तक करीब दो किमी तक वाहनों का आवागमन सुबह 7 बजे से दोपहर 3 तीन बजे तक बंद रहेगा। केवल पैदल ही आ जा सकेंगे। अन्य रूटों पर ऑटो, छोटे वाहनों का संचालन हो सकेगा। बतादें कि रोज रोडवेज एवं प्राइवेट बसों से करीब 10 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है। चूरू रोडवेज डिपो के कार्यवाहक एमओ दिनेशसिंह ने बताया कि विभिन्न रूटों से बसों का संचालन उस रूट के अंतिम स्टैंड से होगा।

इन स्टैंड पर सुबह 5 बजे बसें पहुंच जाएगी। नोहर, भादरा, हनुमानगढ़ से आकर जयपुर जाने वाली बसों को दूसरे रूट से भेजने के लिए संबंधित डिपो को लिखा जा चुका है। {सीकर-जयपुर रूट-चूरू से सीकर-जयपुर जाने एवं आने वाली बसों का संचालन अग्रसेन नगर सर्किल से होगा। यहां बसों को सुबह 5 बजे ही पहुंचा दिया जाएगा।

{राजगढ़-झुंझुनूं रूट- चूरू से झुंझुनूं-दिल्ली, राजगढ़ जाने वाली बसों का संचालन धर्मस्तूप सर्किल के पास होगा। झुंझुनूं-राजगढ़ से आने वाली लोकल बसें यही तक आएगी, वापस यहां से ही चली जाएगी। {रतनगढ़-सरदारशहर रूट-रतनगढ़-सरदारशहर रूट के लिए बसों का संचालन पंखा सर्किल के पास से होगा। चूरू आकर वापस यहीं से बसें जाएगी। {तारानगर-भालेरी रूट-चूरू से इन रूट पर जाने-आने वाली लोकल बसों का संचालन पंखा सर्किल के आगे से बुकिंग से होगा। सीओ सिटी सुनील झाझड़िया ने बताया कि रतनगढ़, सरदारशहर, नोहर, भादरा व तारानगर से आने वाले छोटे वाहन पंखा सर्किल से सुभाष चौक, नई सड़क, रेलवे स्टेशन होते हुए निकलेंगे। जयपुर-सीकर, झुंझुनूं व राजगढ़ से आने वाले छोटे ओम कॉलोनी एवं पूनिया कॉलोनी फाटक से शहर में प्रवेश करेंगे। बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा।

पंखा सर्किल एवं अन्य मार्गों से छोटे वाहनों के आवागमन एवं नई सड़क से निकालने के लिए इस मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ सकता है। सीओ सिटी झाझड़िया ने बताया कि मुख्य रास्तों एवं चौराहों पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

Contact for Ads - Sardarshahar Express