सरदारशहर एक्सप्रेस 16 दिसंबर 2025/ मनीष पांडिया। अभिभाषक संघ सरदारशहर के निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र राजपुरोहित का शपथ ग्रहण समारोह आज स्थानीय न्यायालय परिसर में गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित हुआ। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में अभिभाषक संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता, नवनिर्वाचित पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। सभी ने निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अधिवक्ता राजेन्द्र राजपुरोहित को अध्यक्ष पद की शपथ अतिरिक्त जिला न्यायाधीश नरेन्द्र सिंह राठौड़ द्वारा दिलाई गई, अभिभाषक संघ सरदारशहर की कार्यकारिणी को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवदीप गोदारा ने शपथ दिलाई। समारोह में न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि बेनीवाल एवं उपखंड मजिस्ट्रेट रामकुमार वर्मा भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। शपथ लेते हुए निर्विरोध अध्यक्ष बने अधिवक्ता राजेन्द्र राजपुरोहित ने बार एसोसिएशन की गरिमा बनाए रखने, अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने तथा न्यायिक कार्य प्रणाली को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजेन्द्र राजपुरोहित का लंबा अनुभव और कुशल नेतृत्व बार एसोसिएशन को नई दिशा देगा। अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान, आपसी समन्वय तथा न्यायालयीन कार्यों में सकारात्मक वातावरण निर्माण की दिशा में उनके नेतृत्व में प्रभावी कार्य होने की उम्मीद जताई गई। समारोह के अंत में नवनिर्वाचित अध्यक्ष का फूलमालाएं पहनाकर सम्मान किया गया तथा बार एसोसिएशन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
राजेन्द्र राजपुरोहित ने ली अध्यक्ष पद की शपथ, कोर्ट परिसर में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम समारोह










