सरदारशहर से मनीष पांडिया की रिपोर्ट। सवाई छोटी गांव में 17 फरवरी की मध्यरात्रि हुए विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के भाई ने हत्या कर शव को जमीन में दबाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस थाना सरदारशहर में मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। परिवादी लक्ष्मण सिंह पुत्र मांगीलाल (46), निवासी सवाई छोटी ने 20 फरवरी को शाम 3:38 बजे थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के अनुसार 17 फरवरी की रात करीब 12 बजे करणी कृपा होटल के पास उसके भाई सांवरमल पुत्र मांगीलाल का गांव के पप्पूराम नायक तथा सवाई डेलाना निवासी ओमप्रकाश नायक के साथ विवाद हुआ था। परिवादी ने आशंका जताई है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर उसके भाई की हत्या कर गड्ढा खोदकर शव जमीन के नीचे दबा दिया। रिपोर्ट में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की संभावना भी जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनुसंधान एसएचओ स्तर पर किया जा रहा है। मृतक सांवरमल का शव राजकीय चिकित्सालय, सरदारशहर के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल के बाहर धरना, गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग राजकीय अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए और धरना शुरू कर दिया। विकास मंच के अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र सिंह राजपुरोहित सहित सर्व समाज के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
विधायक ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
स्थानीय विधायक अनिल शर्मा ने भी विधानसभा में मामले को प्रमुखता से उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आरएलपी का समर्थन
मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने भी समर्थन दिया। धरने में आरएलपी के ताराचंद सारण, राकेश चौधरी, सांवरमल जाखड़, राज चौधरी, महावीर धतरवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गांव में फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










