संत सानिध्य में गूंजा शिवाजी बस्ती परिसर

सरदारशहर से मनीष पांडिया की रिपोर्ट। शिवाजी बस्ती में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आया। कार्यक्रम संत सानिध्य उदासर धाम के पूज्य संत दयानाथ महाराज की पावन उपस्थिति में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता दीपचंद बिहानी ने की तथा मुख्य वक्ता के रूप में रामकिशन ने अपने विचार व्यक्त किए। अतिथि के रूप में तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्षा सुमन भंसाली एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष शिवरतन सर्राफ मंचासीन रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज में एकता, संस्कारों की मजबूती और राष्ट्रहित में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। रामकिशन ने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदू समाज की शक्ति उसकी एकजुटता, सेवा भावना और सांस्कृतिक मूल्यों में निहित है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे धर्म, समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्षा सुमन भंसाली ने अपने संबोधन में मातृशक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि किसी भी समाज की उन्नति में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने समाज में नैतिक मूल्यों और संस्कारों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा का आयोजन समिति की ओर से प्रतीक चिन्ह, दुपट्टा एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। सम्मेलन में बस्ती के 30 से अधिक सफाई सैनिकों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया, जिससे कार्यक्रम में सेवा और सम्मान का भाव स्पष्ट झलका। कार्यक्रम में समिति के शोभाकांत स्वामी, राधेश्याम भार्गव, अशोक कसेरा, महेंद्र स्वामी, सुरेश वर्मा, बृजमोहन सोनी, रामकिशन पारीक, अमित वर्मा, महावीर मिमानी, सुबोध सेठिया, राजीव व्यास, रघु पारीक, रचना कम्मा, जयश्री वर्मा, राजकुमारी सेठिया, सत्यनारायण बोचीवाल, संजू कम्मा, पिंकी सोनी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं सज्जन शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सम्मेलन का समापन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण और सेवा भाव के संकल्प के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। कार्यक्रम का संचालन विशाल बोरड ने किया।

Contact for Ads - Sardarshahar Express