सुविधा की जगह दुविधा बना अस्थायी सुलभ शौचालय

सरदारशहर एक्सप्रेस 3 जनवरी 2026/ मनीष पांडिया। शहर के आथुणा बाजार स्थित डागा मार्ग की गली के कोने पर नगरपरिषद द्वारा आमजन की सुविधा के लिए रखवाया गया अस्थायी सुलभ शौचालय अब परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है। मुख्य बाजार की यह गली अत्यंत संकरी और व्यस्त है, ऐसे में यहां रखे गए शौचालय से आवागमन बाधित हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गली संकरी होने के कारण पैदल राहगीरों के सिर टकराने का खतरा बना रहता है, वहीं दुपहिया वाहन चालक भी कई बार इससे टकराते-टकराते बचे हैं। इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दीपावली से पहले भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी सुलभ शौचालय तो रखवा दिए गए, लेकिन आज तक इन्हें चालू नहीं किया गया। परिणामस्वरूप न तो लोगों को सुविधा मिल पा रही है और न ही नगरपरिषद का उद्देश्य पूरा हो रहा है। व्यापारियों का सुझाव है कि यदि नगरपरिषद महिला सुविधा उपलब्ध कराना चाहती है, तो इस सुलभ शौचालय को भैरव मंदिर के सामने स्थित खांचा भूमि में स्थानांतरित किया जा सकता है, जहां यह अधिक उपयुक्त और सुरक्षित रहेगा। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगरपरिषद आयुक्त व सभापति को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों एवं आमजन ने मांग की है कि उक्त सुलभ शौचालय को तत्काल यहां से हटाकर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए तथा इसे शीघ्र चालू किया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो।

Contact for Ads - Sardarshahar Express