भयंकर गर्मी में पानी की किल्लत: परेशान महिलाओ ने किया मेघा हाईवे पर प्रदर्शन, मौके पर पहुंचे पूर्व मंत्री रिणवा

सरदारशहर एक्सप्रेस न्यूज। विधानसभा क्षेत्र व रतनगढ़ तहसील के ग्राम गोगासर व पाबूसर सहित आधा दर्जन गांवों में भीषण गर्मी के दौरान पानी की कमी से आम ग्रामीण परेशान बने हुए हैं। मेगा हाइवे पर स्थित ग्राम गोगासर के आथुणा मुहल्ले की 50-60 के करीब महिलाएं सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पानी की कमी से परेशान हो कर हाइवे पर प्रदर्शन के लिए पहुंच गई। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पूर्व वन, पर्यावरण, खनिज व देवस्थान विभाग मंत्री राजकुमार रिणवा मौके पर पहुंचे। रिणवा की ओर से महिलाओं से समस्या की जानकारी प्राप्त की गई एवं मौके से ही जलदाय विभाग के एक्स.ई.एन. रामकुमार चायल, एईएन पूजा शर्मा व जेईएन रेखा शर्मा से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के तुरंत समाधान के निर्देश दिए। रिणवा ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी का दौर है और इस तरह की आपातकालीन स्थिति में किसी भी तरह की लापरवाही सहन करने योग्य नहीं है। रिणवा ने समस्या को जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि राजस्थान सरकार के यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से बिजली व पानी के लिए दिए गए विशेष निर्देशों को ले कर किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रिणवा ने जलदाय विभाग से हुई वार्ता के आधार पर महिलाओं को आश्वस्त कर घर भेजा व दो दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर अवगत करवाने को कहा।

Contact for Ads - Sardarshahar Express