सरदारशहर एक्सप्रेस / मनीष पांडिया। रविवार को स्थानीय गोड़ विप्र महासभा, सरदारशहर के तत्वावधान में भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विप्र समाज के लोगों की उल्लेखनीय एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के जयघोष एवं विधिवत पूजन के साथ हुआ।
पंडित कैलाश चौमाल द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार से सम्पूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान हो उठा। यह आयोजन ऋषिकुल आश्रम के अध्यक्ष हुलासमल व्यास के मुख्य आतिथ्य एवं श्यामजी गिल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। मंच पर डॉ. महेंद्र शर्मा, राजीव भोजक, किशन सारस्वत, जगदीश शर्मा एवं गोपी बोचीवाल सहित गणमान्य अतिथि विराजमान रहे। मुख्य वक्ता सुनील हरितवाल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में भगवान परशुराम के आदर्शों, उनके पराक्रम एवं समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
वहीं विप्र फाउंडेशन के स्थानीय अध्यक्ष डॉ. महेंद्र शर्मा ने जयंती के अंतर्गत आयोजित होने वाले अष्ट दिवसीय कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए समाजबंधुओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। कार्यक्रम में मदनलाल बबेरवाल, अशोक गोड़ , महेंद्र देरासरी, जगदीश शर्मा, राजीव भोजक, प्रदीप दीक्षित, शंकर उपाध्याय, श्यामजी गिल एवं प्रवीण शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए ब्राह्मण समाज की वर्तमान चुनौतियों, कुरीतियों के उन्मूलन एवं सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य अतिथि हुलासमल व्यास ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “ब्राह्मण कोई मात्र जाति नहीं, बल्कि एक महान विचार, संस्कार और ज्ञान की ज्योति है, जिसने युगों से समाज को दिशा प्रदान की है। विचारों को कभी समाप्त नहीं किया जा सकता।” उन्होंने वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज के समक्ष खड़ी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए एकजुटता, शिक्षा एवं जागरूकता को सबसे बड़ा शस्त्र बताया। उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम” के आदर्श को अपनाते हुए समाज को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनने का आह्वान किया।
युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील मिश्र ने कहा कि विप्र फाउंडेशन सदैव शोषित, पीड़ित एवं जरूरतमंद ब्राह्मण समाज के साथ खड़ा है और अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर राजकुमार गोड़, कमलकांत शर्मा, राजेंद्र तिवाड़ी, नरेंद्र राजपुरोहित, मांगीलाल सेवड़ा, डॉ. पवन महर्षि, राम निरंजन शर्मा, सुशील गुजरगोड़, किशन जी, मयंक शर्मा, पं. कैलाश चौमाल, सुरेंद्र शर्मा, मनोज गोड़, मांगीलाल नथोलिया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन महेंद्र देरासरी द्वारा किया गया।
भव्य एवं ओजस्वी आयोजन : सरदारशहर में गूंजा भगवान परशुराम जयंती का जयघोष










