सरदारशहर एक्सप्रेस 16 दिसंबर 2025/ मनीष पांडिया। रोटरी क्लब सरदारशहर द्वारा सामाजिक सरोकार की भावना को साकार करते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मेहरासर चाचेरा, बलडासर तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय अड़मालसर सहित अन्य विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद 400 से अधिक विद्यार्थियों को स्वेटर व जुराब वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड में बच्चों को स्वेटर उपलब्ध कराना न केवल मानवीय संवेदना का परिचायक रहा, बल्कि शिक्षा के प्रति उन्हें प्रोत्साहित करने का भी सशक्त माध्यम बना।
कार्यक्रम के दौरान हुलासमल व्यास द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए भविष्य में शिक्षा के माध्यम से जीवन में ऊँचाइयाँ छूने एवं अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त साधन है, जो समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है।
इस अवसर पर मेहरासर चाचेरा विद्यालय के प्रधानाचार्य अश्वनी पारीक, अड़मालसर विद्यालय के प्रधानाचार्य, इलियास खान तथा बलडासर विद्यालय के प्रधानाचार्य, रूपाराम मेघवाल ने रोटरी क्लब सरदारशहर की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि आवश्यकता के समय विद्यार्थियों को स्वेटर उपलब्ध कराकर क्लब ने अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी कार्य किया है।
उन्होंने क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब सरदारशहर की ओर से हुलासमल व्यास, डॉ. अशोक गुप्ता, डॉ. किशोर सिंह राठौड़, रवि अग्रवाल एवं देवकीनंदन अग्रवाल उपस्थित रहे। रोटरी क्लब सरदारशहर सदैव ही समाजहित के कार्यों में अग्रणी रहा है और भविष्य में भी इसी तरह सेवा एवं सहयोग के कार्य करता रहेगा।
रोटरी क्लब सरदारशहर का प्रेरणादायी सेवा कार्य: 400 से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्वेटर व जुराब वितरण, शिक्षा के प्रति किया जागरूक










