पूर्व पार्षद ने उठाई आवाज
सरदारशहर एक्सप्रेस 6 जून 2023। सरदारशहर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड 45 गौशाला बास में चौधरियों के कुएं से गौशाला तक 500 मीटर की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क के नाम पर अब सिर्फ खड्ढे बचे हैं। 500 मीटर की सड़क में करीब 60 से अधिक खड्ढे हैं। वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए ये शहर की सबसे कठिन सड़क है।
मंगलवार को पूर्व पार्षद रामचंद्र माली के नेतृत्व में मोहल्ले वासियों ने प्रदर्शन कर 7 दिन के अंदर सड़क नहीं बनाने पर नगरपालिका के घेराव की चेतावनी दी। पूर्व पार्षद माली ने बताया कि पिछले 1 साल से नगरपालिका प्रशासन कह रहा है टेंडर हो गया, लेकिन सड़क अभी तक नहीं बनी और आए दिन सड़क के कारण हादसे हो रहे हैं। स्थानीय निवासी मटु देवी सुथार ने बताया कि बकरा मंडी से कब्रिस्तान, श्मशान घाट, राजकीय अस्पताल, गौशाला रेलवे स्टेशन और कई मंदिरों में जाने का ये मुख्य रास्ता है। इसकी खस्ता हालत देखकर रोना आता है। बहुत बड़ी आबादी का मुख्य मार्ग होने के कारण इस मार्ग से शव यात्रा और जनाजे ले जाते समय मृतकों के परिजनों को भारी परेशानी होती है। बावजूद इसके प्रशासन ने आंख मूंद रखी है। अगर सड़क को ठीक नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व पार्षद रामचंद्र माली, सत्यनारायण कठोतिया, मटु देवी सुथार, मुरारी सैनी, महेश तिवारी, बजरंगलाल सैनी, राजकुमार चोटिया, नारायण मिश्र, कालीचरण सैनी, मनोज सैनी, दीपक सोनी, कमल सोनी, करणीदान सोनी मौजूद रहे।










