सरदारशहर एक्सप्रेस। सरदारशहर क्षेत्र के रातूसर गांव में रविवार को बिजली के तार चोरी करने के शक में दो दलित युवकों मारपीट में एक की मौत हो गई थी। आरोपियों को गिरफ्तार करने और मुआवजे की मांग को लेकर सोमवार सुबह से धरने पर बैठे लोगों से सहमति नहीं बन पाई है। 36 घंटे बीतने के बाद भी कन्हैयालाल मेघवाल के शव को नहीं लिया गया है।
हालांकि इस मामले में प्रशासन के साथ की गई जन संघर्ष समिति के सदस्यों से वार्ता विफल रही। इस दौरान संघर्ष समिति ने देर रात को निर्णय लिया कि मंगलवार को सरदारशहर का संपूर्ण बाजार बंद रखा जाएगा और सरकारी अस्पताल के आगे एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें तारानगर के विधायक नरेंद्र बुडानिया, उपप्रधान केसरी शर्मा सही सभी राजनीतिक सामाजिक संगठन के व्यक्ति संबोधित करेंगे।
कन्हैयालाल हत्याकांड प्रकरण में संघर्ष समिति द्वारा जारी किया मांग पत्र
1. मृतक कन्हैयालाल के परिवार को एक करोड़ रूपये आर्थिक सहायता एवं परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी ।
2. घायल गंगाराम को 50 लाख रूपये की आर्थिक सहायता एवं सरकारी नौकरी
3. अपराधियों को तुरन्त गिरफ्तार कर भा.द.स. की धारा 302 में मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी सजा ।
4. विद्युत विभाग के कर्मचारियों की चोरों के साथ संलिप्तता की जांच कर दोषी कर्मचारीयों के विरूद्ध कानुनी कार्यवाही ।
5. सम्बन्धित ठेकेदार की फर्म बाजिया सिक्योरिटी सर्विस प्राईवेट लिमिटेड में कार्यरत सभी कर्मचारीयों की चोरी में संलिप्तता की जांच व फर्म का लाईसेंस रद्द ।
6. इलाज के दौरान बरती गई लापरवाही के लिए सरदारशहर अस्पताल के कार्मिकों के विरूद्ध जांच कर कार्यवाही करें ।
7. पुलिस प्रशासन की मिलीभग्त की जांच एवं भानीपुरा थाना के समस्त स्टाफ को लाईन हाजिर किया जाए।
8. दोनो परिवारों की सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करावें ।
यदि जनसंघर्ष समिति की इन जायज मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो दलित समाज सर्व समाज को साथ लेकर प्रदेश भर में बड़ा आन्दोलन करेगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं की जायेगी तब तक हम कन्हैयालाल का दाह संस्कार नही करेंगे।
मुख्य बाजार रहेगा बंद
सरदारशहर व्यापार एवं उद्योग संघ के अध्यक्ष शिवरतन सर्राफ ने बताया कि रातुसर के कन्हैयालाल हत्याकांड के मामले में आज सरदारशहर का संपूर्ण बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया है। ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिले। पुलिस ने बताया कि मामले में सुमित शर्मा, गोविंद शर्मा, भरतसिंह राजपूत, संजय यादव आदि को गिरफ्तार कर लिया है अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। धरने पर बैठे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बिल्यु बास रामपुरा के सज्जन सिंह राजपूत और जोगेंद्र सिंह राजपूत सहित वीडियोग्राफी करने वाले आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए चूरू पुलिस लाइन से भारी संख्या में जाप्ता बुलाया गया है।










