पानी संकट को लेकर फोगां डेम पर ग्रामीणों का धरना, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

सरदारशहर एक्सप्रेस / मनीष पांडिया। मेलुसर ग्राम पंचायत में पिछले चार महीनों से पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को गजानंद पारीक के नेतृत्व में फोगां डेम पर धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन और जलदाय विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द पानी की व्यवस्था करने की मांग की। धरने के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। धरने की सूचना मिलने पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने लिखित आश्वासन देते हुए जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाया।गजानंद पारीक सहित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग मजबूर होकर बड़ा जनआंदोलन करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरने के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन समस्या के शीघ्र समाधान की मांग दोहराई।

Contact for Ads - Sardarshahar Express