सरदारशहर एक्सप्रेस / मनीष पांडिया। आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन के संस्थापक निदेशक एवं शिक्षा जगत के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय चतुर्थीलाल जी लाटा की 8वीं पुण्यतिथि पर संस्था परिसर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा गणमान्य नागरिकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। संस्था के निदेशक गिरीश लाटा ने बताया कि स्व. चतुर्थीलाल लाटा ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हुए आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन की मजबूत नींव रखी थी।
उनके दूरदर्शी विचार, अथक परिश्रम और शिक्षा के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि आज संस्था से शिक्षित हजारों विद्यार्थी देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर अपना और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन की वर्तमान उपलब्धियों के पीछे स्व. लाटा का संघर्ष, त्याग और उत्कृष्ट शैक्षणिक दृष्टिकोण ही मुख्य आधार रहा है। संस्था आज भी उनके द्वारा स्थापित संस्कारों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। श्रद्धांजलि सभा में प्रधानाचार्य राधेश्याम बढ़ाढ़रा, कॉलेज प्राचार्य डॉ. मनीषा वर्मा, छात्रा विंग प्रभारी राधा सा रासवत, नारायण लाटा, रामकुमार शर्मा, कपिल सारस्वत सहित अनेक वक्ताओं ने स्व. चतुर्थीलाल लाटा के व्यक्तित्व एवं शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए आदर्शों पर चलकर शिक्षा एवं समाज सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प लिया।
आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन में स्व. चतुर्थीलाल लाटा की 8वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित










