सरदारशहर में बारिश के बाद भरा पानी:नगर पालिका ब्लॉक नालों को खोलने में जुटी, तापमान गिरने से गर्मी से मिली राहत

सरदारशहर एक्सप्रेस 25 मई 2023। सरदारशहर में आज सुबह बारिश हुई है कई जगह ओले भी गिरे है। बारिश के कारण घंटाघर से सरकारी अस्पताल जाने वाली मुख्य सड़क पर पानी भर गया। इसी प्रकार श्रीराम मंदिर से मीणा गेस्ट हाउस तक पानी भर गया। जिसके कारण वाहन चालकों और आमजन को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। गुरुवार को दिनभर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

नाले ब्लॉक होने से भरा पानी

बारिश के कारण नगर पालिका क्षेत्र में गंदे पानी निकासी के नाले ब्लॉक होने से शहर में जगह-जगह पानी भरा हुआ है। नगर पालिका चेयरमैन राजकरण चौधरी ने मौके पर जाकर निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों को नालों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह नाले ब्लॉक होने से शहर में बरसाती पानी निकासी नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका की टीम गंदे पानी के ब्लॉक नालों को सही करने में लगी हुई है। जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

कपास की फसल में नुकसान होने की आशंका

क्षेत्र में कई जगह ओलावृष्टि होने से कपास की फसल में नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राजस्थान किसान यूनियन के जिला महामंत्री रामेश्वर लाल पूनिया ने बताया कि इस मौसम में बरसात होने से ठंड जरूर हुई है। लेकिन बरसात के साथ ओलावृष्टि होने से क्षेत्र में कपास की फसल में नुकसान हुआ है। प्रशासन को ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे करवाना चाहिए ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिले।

Contact for Ads - Sardarshahar Express