सरदारशहर एक्सप्रेस 26 मई 2023। सरदारशहर क्रय विक्रय सहकारी समिति की ओर से कृषि मंडी में संचालित समर्थन मूल्य खरीद केंद्र के मुख्य व्यवस्थापक सुनील मांडिया को हटा दिया गया है। किसानों ने उनके ऊपर चना और सरसों की खरीद में लापरवाही और मनमर्जी करने का आरोप लगाया था। गुरूवार को कार्यालय रजिस्ट्रार सहकारी समिति राजस्थान के संयुक्त रजिस्ट्रार सुरभि शर्मा ने सुनिल मांडिया को हटाते हुए चूरू उप रजिस्ट्रार प्रमोद शर्मा को सरदारशहर क्रय-विक्रय सहकारी समिति का चार्ज दिया गया है।आपको बता दे कि किसानों ने खरीद केंद्र पर ठेकेदार पर पैसे लेने और प्रति 50 किलो पर एक किलो 400 से 700 ग्राम तक बारदाना ज्यादा लेने के विरोध में प्रदर्शन किया था।
किसानों का आरोप था कि एक किसान एक टोकन से 25 क्विंटल सरसों की तुलाई करवाता है, तो उससे 75 से 80 किलो तक उपज अधिक ली जा रही थी। इस केन्द्र पर अभी तक 1120 किसानों ने टोकन कटवाए हैं और उनकी तुलाई होनी है। इसी प्रकार किसान कन्हैयालाल ने बताया कि केंद्र पर किसानों के साथ भेदभाव भी किया जा रहा था। जिस किसान की ठेकेदार से जानकारी होती है, उसका अनाज बिना जांच के ही तोल दिया जाता है। जबकि अन्य किसानों का माल गुणवत्तापूर्ण होने के बावजूद भी रिजेक्ट कर दिया जाता है। ऐसे शिकायतों को देखते हुए इनको हटाया गया है। किसानों ने कहा कि मुख्य व्यवस्थापक को तो हटा दिया गया है, लेकिन जब तक ठेकेदार को नहीं हटाया जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
समर्थन मूल्य खरीद केंद्र के व्यवस्थापक को हटाया:संयुक्त रजिस्ट्रार ने जारी किए आदेश, उप रजिस्ट्रार प्रमोद शर्मा को दिया चार्ज










