राजस्थान में बर्फीली हवा, 2 डिग्री से नीचे तापमान: पाला पड़ने से फसलें खराब, अगले 7 दिन कड़ाके की सर्दी की चेतावनी

सरदारशहर एक्सप्रेस 6 दिसंबर 2025। उत्तर से आ रही बर्फीली हवा से राजस्थान में हाड कंपाने वाली सर्दी शुरू हो गई है। शेखावाटी के इलाकों में रात का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। ओस जमने से खेतों में पाला पड़ना शुरू हो गया है। इससे फसलों को नुकसान हो रहा है। शुक्रवार को राज्य के 15 से ज्यादा शहरों में ही तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। जयपुर में इस सीजन पहली बार तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले कुछ दिन इसी तरह कड़ाके की सर्दी का अलर्ट जारी किया है।

 

फतेहपुर सबसे सर्द, लगातार गिर रहा तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य का सबसे ठंडा इलाका सीकर का फतेहपुर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, बीकानेर के लूणकरणसर में 3.2, सीकर में 3, नागौर में 3.1, अलवर में 5.4, दौसा में 4.6, झुंझुनूं में 6.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी जयपुर में जयपुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शेखावाटी के चूरू, सीकर, झुंझुनूं के अलावा नागौर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर समेत कई शहरों में रात में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है।

दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे

सर्द हवाओं और तेज सर्दी के कारण दिन में सूरज की चमक भी फीकी पड़ने लगी है। दिन में तेज धूप के बावजूद तापमान कम दर्ज हो रहा है। अलवर, पिलानी, सीकर, उदयपुर, चूरू, बारां, सिरोही, करौली, प्रतापगढ़, झुंझुनूं, पाली में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। शुक्रवार सिरोही में सबसे ठंडा दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अब आगे क्या?

मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा। इस दौरान अब तापमान में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं होगा। शेखावाटी के एरिया में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होगा और कहीं-कहीं शीतलहर का प्रभाव रहने की संभावना है

Contact for Ads - Sardarshahar Express