दिनभर चले धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम, प्रधान प्रतिनिधि राजपुरोहित का जन्मदिन

सरदारशहर एक्सप्रेस 20 दिसंबर 2025/ मनीष पांडिया। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी चूरू के जिला उपाध्यक्ष, प्रधान प्रतिनिधि मधुसूदन राजपुरोहित का जन्मदिन इस वर्ष भी सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ मनाया गया। उनके जन्मदिवस के अवसर पर मधुसूदन राजपुरोहित एवं विप्र फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिनभर धार्मिक एवं जनसेवा कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। राजपुरोहित ने जन्मदिवस की शुरुआत प्रातः धार्मिक अनुष्ठानों से हुई। सुबह 8 बजे काकड़ भैरव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात प्रातः 9 बजे नन्दलाल गौ सेवा समिति में गायों को लापसी खिलाकर गौसेवा की गई। सेवा कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रातः 10 बजे उप जिला राजकीय चिकित्सालय में रोगियों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। इसके बाद प्रात 10:30 बजे श्री करणी मेडिकोज में पोषबड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में आमजन को लापसी एवं प्रसाद वितरित किया गया। इसी दौरान जन्मदिवस की खुशियों को साझा करते हुए केक काटा गया तथा उपस्थितजनों द्वारा मधुसूदन राजपुरोहित को फूलों की मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और उत्साह से भरा रहा। इसके अतिरिक्त प्रातः 11:15 बजे अन्नपूर्णा रसोई में जरूरतमंदों को भोजन वितरण किया गया, जिससे समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को प्रत्यक्ष सहयोग मिल सका। मधुसूदन राजपुरोहित वर्षों से सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। श्रीसप्तर्षि वेद–वेदांग ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम में प्रधान प्रतिनिधि मधुसूदन राजपुरोहित का जन्मदिन अत्यंत सादगी, श्रद्धा एवं गरिमामयी वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ऋषिकुल अध्यक्ष हुलासमल व्यास एवं वैदाचार्य बालकृष्ण कौशिक ने मधुसूदन राजपुरोहित सहित उपस्थित अतिथियों का भावभीना स्वागत करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने उद्बोधन में प्रधान प्रतिनिधि मधुसूदन राजपुरोहित ने ऋषिकुल से अपने आत्मीय जुड़ाव को स्मरण करते हुए वैदिक परंपरा के संवाहक बटुकों से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गुरुकुल के विकास एवं उन्नयन हेतु ₹51,000 की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से अभिनंदन किया।
इस अवसर पर ऋषिकुल कार्यकारिणी की ओर से मधुसूदन राजपुरोहित को सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री सुरेन्द्र दाधीच, महेन्द्र देरासरी, मदनलाल बबेरवाल, बजरंगलाल पांडिया, पवन पारीक, प्रकाश पारीक सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित अतिथि सुनील मिश्र, वैध महेंद्र शर्मा, भरत शर्मा, मांगीलाल सेवदा का भी तिलकार्जन कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विप्र समाज के प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी सहयोगकर्ताओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने की बात कही।

Contact for Ads - Sardarshahar Express