सरदारशहर से मनीष पांडिया की रिपोर्ट। ग्राम बुकनसर बड़ा की रोही में हरी खेजड़ी के पेड़ों की कथित कटाई को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय भानीपुरा पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि गांव की रोही बुकनसर बड़ा की राजस्व भूमि पर कुछ खातेदारों द्वारा अपनी कृषि भूमि सोलर प्लांट कंपनियों को लीज पर दी गई है।
आरोप है कि सोलर कंपनी के कार्मिकों द्वारा लीज भूमि में खड़ी हरी खेजड़ी के पेड़ों को काटा जा रहा है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर पेड़ों को सुखाने के लिए केमिकल का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हरी खेजड़ी की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, कटे हुए पेड़ों को जब्त किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पटवारी स्तर पर निगरानी बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
रोही में हरी खेजड़ी कटाई को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन










