आस्था का सैलाब: ताल मैदान में उमड़ा जनसमुद्र, शीतला माता को ठंडे पकवानों का लगा भोग

सरदारशहर एक्सप्रेस। शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर बुधवार को शहर के ताल मैदान स्थित शीतला माता मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अल सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लग गईं और भक्तों ने माता के दरबार में धोक लगाकर सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर मेले जैसा माहौल बना रहा और शहर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। सोमवार से शुरू हुआ पूजन बुधवार को शीतला अष्टमी के दिन अपने चरम पर रहा। श्रद्धालुओं ने माता शीतला को ठंडे व बासी पकवानों का भोग अर्पित किया। महिलाओं ने बताया कि शीतला अष्टमी को बासेड़ा पूजा भी कहा जाता है और इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता। माता को चढ़ाने के लिए प्रसाद एक दिन पहले ही तैयार किया जाता है। माता को मीठे चावल, बिना नमक की पूड़ी, पूए, गुलगुले, पकौड़े, कढ़ी, चने की दाल, हलवा और राबड़ी जैसे शीतल व्यंजनों का भोग लगाया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता शीतला को चेचक की देवी माना जाता है और उनकी पूजा करने से भक्तों को रोगों से मुक्ति मिलती है तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। धार्मिक मान्यता के साथ-साथ इसका एक वैज्ञानिक पक्ष भी माना जाता है। चैत्र माह में मौसम परिवर्तन के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में ठंडे और हल्के भोजन का सेवन शरीर और पाचन तंत्र के लिए लाभकारी माना जाता है। शीतला अष्टमी के अवसर पर ताल मैदान में भरे मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

Contact for Ads - Sardarshahar Express