पिकअप-बाइक में भीषण भिड़ंत: दो भाइयों की मौत, एक गंभीर घायल जयपुर रेफर

सरदारशहर एक्सप्रेस। साडासर से बरजांगसर मार्ग पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार तीनों युवक बाइक पर सवार होकर साडासर से बरजांगसर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे और साथ में शादी से संबंधित सामान भी ले जा रहे थे। इसी दौरान बरजांगसर के पास सामने से आ रही एक पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत निजी वाहनों से राजकीय उप जिला अस्पताल सरदारशहर पहुंचाया गया। जहां डॉ. किशन सिहाग, डॉ. संदीप चाहर और भंवरलाल सारण ने जांच के बाद देवेंद्र पारीक (20) पुत्र शिवभगवान, निवासी बरजांगसर और कार्तिक पारीक (16) पुत्र सीताराम, निवासी सरदारशहर को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मृतक देवेंद्र पारीक और कार्तिक पारीक रिश्ते में मामा-बुआ के भाई लगते थे। हादसे में घायल तीसरे युवक भरत पारीक (18) पुत्र दीपचंद पारीक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। वहीं पिकअप चालक विजयपाल स्वामी निवासी जैतसीसर को मामूली चोटें आईं, जिसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुरुवार को मृतक परिवार के दीपचंद पारीक ने पिकअप चालक के खिलाफ भानीपुरा थाना में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Contact for Ads - Sardarshahar Express