सरदारशहर एक्सप्रेस। चूरू जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है। राजस्थान कैडर के आईपीएस अधिकारी ज्ञानचंद यादव को चूरू का नया एसपी नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान एसपी जय यादव का स्थान लेंगे, जिनका पदोन्नति के बाद डीग जिले में तबादला कर दिया गया है। ज्ञानचंद यादव जल्द ही चूरू पहुंचकर अपना कार्यभार संभाल सकते हैं। मूल रूप से हरियाणा के निवासी ज्ञानचंद यादव को राजस्थान पुलिस के अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है। इससे पहले वे जालौर और झुंझुनूं जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनकी कार्यशैली को काफी प्रभावी माना गया।
अपने सेवा काल में उन्होंने कई गंभीर अपराधों जैसे ब्लाइंड मर्डर और बड़ी डकैती की घटनाओं का त्वरित खुलासा कर पुलिस की कार्यक्षमता को साबित किया है। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में उनकी विशेष पहचान रही है। चूरू जिले की सीमा हरियाणा से सटी होने के कारण यहां तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों की चुनौती बनी रहती है। ऐसे में हरियाणा के मूल निवासी होने के कारण ज्ञानचंद यादव को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों की बेहतर समझ है, जिससे इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
चूरू को मिला नया पुलिस अधीक्षक: ज्ञानचंद यादव जल्द संभालेंगे पदभार











