सरदारशहर एक्सप्रेस। लिखमादेसर मरुस्थली की रेत पर एक बार फिर भक्ति की गंगा बहने को तैयार है गांव लिखमादेसर, 9 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली भव्य राम कथा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह अपने चरम पर है। गांव-गांव में इसकी गूंज सुनाई देने लगी है। इसी कड़ी में राजस्थान ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष पूनमचंद तिवाड़ी के नेतृत्व में आयोजन समिति आज सरदारशहर तहसील के मालसर पहुंची, जहां प्रबुद्धजनों से जनसंपर्क कर उन्हें इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। समिति के आग्रह पर ग्रामीणों ने भी दिल खोलकर समर्थन जताया और भरोसा दिलाया कि वे अपने-अपने गांवों से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को कथा में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।
कथा बनेगी भक्ति, संस्कार और एकता का केंद्र
आयोजन समिति के अनुसार, नौ दिनों तक चलने वाली इस राम कथा में प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इससे न केवल क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूती मिलेगी।
गांवों में दिख रहा अलग ही उत्साह
लिखमादेसर से लेकर सरदारशहर तहसील के गांवों तक, हर जगह इस आयोजन को लेकर लोगों में खासा जोश देखने को मिल रहा है। तैयारियों ने अब जोर पकड़ लिया है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में कदम तेजी से बढ़ रहे हैं।
अब नजरें 9 अप्रैल पर, जब मरुधरा की इस पावन भूमि पर राम कथा का शुभारंभ होगा और पूरा क्षेत्र राममय हो उठेगा।











