रामनवमी पर श्री नामदेव मंदिर में गूंजे वेद मंत्र, गायत्री महायज्ञ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सरदारशहर एक्सप्रेस/ मनीष पांडिया। रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के श्री नामदेव मंदिर प्रांगण में श्री नामदेव मंदिर समिति एवं श्री नामदेव निःशुल्क योग क्लास के संयुक्त तत्वावधान में भव्य गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था की आहुति दी। यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने भी हवन कुंड में विधि-विधान से आहुति दी। हवन का संचालन आर्य समाज के अशोक हरचंदानी एवं संतलाल बड़सर द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ महायज्ञ में सहभागिता निभाई। हवन के पश्चात सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर श्री नामदेव मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार खत्ती, श्यामलाल वर्मा, पवन निर्वाण, हनुमान झेडू सहित निःशुल्क योग क्लास के योग गुरु मोहन लाल शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Contact for Ads - Sardarshahar Express