भक्ति की गूंज से सरदारशहर हुआ राममय, मंगल मूर्ति हनुमान मंदिर में गूंजी सुंदरकांड की चौपाइयां 

सरदारशहर एक्सप्रेस / मनीष पांडिया। गुरुवार को हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर शहर के मंगल मूर्ति हनुमान मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर राम नाम की गूंज से सराबोर हो उठा, जब सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ किया गया। सुंदरकांड वाचन पंडित शिवकांत पारीक एवं पंडित भवानी पारीक द्वारा भावपूर्ण शैली में किया गया। उनके मुख से निकले प्रत्येक चौपाई और दोहे ने श्रद्धालुओं को जैसे त्रेतायुग की भक्ति में पहुंचा दिया। पूरा माहौल “जय श्री राम” और “बजरंग बली की जय” के जयकारों से गूंजता रहा। जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन में लीन रहे और हनुमान जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के आयोजक राजस्थान ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष पूनमचंद तिवाड़ी ने बताया कि आगामी 9 अप्रैल से श्री डूंगरगढ़ तहसील के गांव लिखमादेसर में भव्य राम कथा का आयोजन किया जा रहा है उन्होंने बताया कि शहर में चिन्हित स्थानों पर बसों की व्यवस्था की जाएगी। जिसमें तिवाड़ी ने शहरवासियों से रामकथा पहुंचने का न्योता दिया। कार्यक्रम के अंत में महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर राजस्थान ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष पूनमचंद तिवाड़ी, दुर्गाराम पारीक, राम प्रसाद पारीक, संजय पारीक, देवीलाल तिवाड़ी, संजय पांडिया, तरुण तिवाड़ी, नाहर सिंह, मनोज पारीक, राजेश पारीक सहित श्रद्धालुओं ने प्रभु से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए आयोजन को सफल बनाया।

Contact for Ads - Sardarshahar Express