सरदारशहर एक्सप्रेस / मनीष पांडिया। श्री डूंगरगढ़ तहसील के गांव लिखमादेसर में पूनमचंद रामनिवास तिवाड़ी परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्रीराम कथा का शुभारंभ आज भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी ने पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, वहीं पुरुष वर्ग भी भक्ति में लीन नजर आया। शोभायात्रा की भव्यता उस समय और बढ़ गई जब हाथी, ऊंट, घोड़े, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में “जय श्री राम” के गूंजते जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलश यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गय। कथा में प्रथम दिवस कथा वाचक दंडी स्वामी श्री शिवेंद्रराश्रम जी महाराज ने राम कथा की महिमा का वाचन किया। आयोजकों के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस अवसर पर गांव के गणमान्य नागरिक, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भव्य कलश यात्रा ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया, वहीं ग्रामीणों में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर महंत भंवरनाथ सिद्ध, पूनमचंद तिवाड़ी, गजानंद तिवाड़ी, तरुण तिवाड़ी, दुर्गाराम पारीक, शोभाकांत स्वामी, राजेश पारीक, राम प्रसाद बोहरा, शंभुदयाल पांडिया, महावीर माली सहित अनेकों गणमान्यजन मौजूद रहे।