मेहनत जमीन पर, उड़ान आसमान में— अंकिता चौधरी का हेलीकॉप्टर से सम्मान, क्षेत्र में जश्न

सरदारशहर एक्सप्रेस/ मनीष पांडिया। आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन के द्वारा 12वीं विज्ञान वर्ग में 99% अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली अंकिता चौधरी को आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन द्वारा एक ऐतिहासिक और यादगार तोहफा शानदार जुलूस और भव्य स्वागत के साथ दिया । हौंसलो की उड़ान अगर ऊंची हो, तो आसमान भी छोटा लगने लगता है “ इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है श्री भारतीय आदर्श विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय की विज्ञान वर्ग छात्रा अंकिता चौधरी ने राज्य मैरिट में 5वा स्थान पर कर सिद्ध किया। अंकिता की इस अभूतपूर्व सफलता का जश्न मनाने के लिए सरदारशहर में एक विशाल विजय रैली निकाली गई। पूरे शहर में जुलूस के साथ छात्रा का अभिनंदन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती भी बड़े उत्साह के साथ मनाई गई, जिससे कार्यक्रम में दोहरी खुशी का संचार हुआ। जुलूस के बाद अंकिता अपने दादाजी लिखमीचंद और दादीजी खींवनी देवी के साथ करणी हेलीपैड पहुँचीं। यहाँ से उन्होंने खाटू श्याम जी के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भरी। गाँव लूणासर के गोपीचंद की सुपुत्री अंकिता के लिए यह पल किसी सपने के सच होने जैसा था। संस्थान के निदेशक गिरीश लाटा ने बताया कि यह यात्रा छात्रा की कड़ी मेहनत और समर्पण का सम्मान है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम रामकुमार वर्मा, सीबीईओ सुभाष सोनगरा, बृजमोहन सर्राफ मौजूद रहे। जिन्होंने अंकिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना और बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन के निदेशक गिरीश जी लाटा ने अंकिता की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि, “अंकिता ने 99% अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। हमारा संस्थान प्रतिभाओं को केवल तराशता ही नहीं, बल्कि उनके सपनों को उड़ान देने में भी विश्वास रखता है। आज की यह हेलीकॉप्टर यात्रा इसी प्रोत्साहन का प्रतीक है कि यदि विद्यार्थी ‘जमीन पर रहकर कड़ी मेहनत’ करें, तो सफलता का ‘आसमान’ उनका स्वागत करेगा।” उन्होंने आगे कहा कि ज्योतिबा फुले जयंती के पावन अवसर पर एक बेटी का यह सम्मान महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा उदाहरण है। इस अवसर पर आदर्श महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मनीषा वर्मा, राधेश्याम शर्मा, पी.के. पांडिया, श्रीमती राधा लाटा, अभिमन्यु लाटा, नारायण लाटा, कृष्णा लाटा, श्री मति राधा सारस्वत, हेमलता महर्षि,मुकेश सुथार, कपील सारस्वत सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

“मेहनत जमीन पर, उड़ान आसमान में”

संस्थान का यह स्लोगन आज उस समय जीवंत हो उठा जब अंकिता ने आसमान की ऊंचाइयों से अपनी सफलता का परचम लहराया। आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन की इस पहल की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। लोगों का मानना है कि इस तरह के सम्मान से अन्य विद्यार्थियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का जज्बा पैदा होगा। अंकिता की सफलता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण प्रतिभाएं यदि सही मार्गदर्शन और अवसर पाएं, तो वे आसमान छू सकती हैं।

Contact for Ads - Sardarshahar Express