सरदारशहर एक्सप्रेस 17 जुलाई 2023। सरदारशहर तहसील के गांव धीरासर हाडान के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में 18 शिक्षकों के पद रिक्त होने के चलते 247 स्टूडेंट्स की पढाई प्रभावित हो रही है। स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी से विद्यार्थी परेशान हैं। ऐसे में आज स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर स्टूडेंट्स और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। स्कूल में चल रहे रिक्त पदों को भरने के लिए कई बार ग्रामीणों ने एसडीएम और शिक्षा अधिकारियों को ज्ञापन देकर रिक्त पदों को भरने की मांग की।
लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीण प्रदर्शन पर बैठ गए। गांव के चुन्नीलाल ने बताया कि इस स्कूल में प्रधानाचार्य समेत 21 पद स्वीकृत है। लेकिन यहां पर प्रधानाचार्य समेत 4 शिक्षक ही कार्यरत है। जबकि 17 पद खाली चल रहे है। आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान के प्रधानाचार्य श्यामलाल स्कूल में नहीं आ रहे है। वे मेडिकल लेकर छुट्टी पर चल रहे है। अगर समय रहते हुए रिक्त पदों को नहीं भरा गया तो एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। बच्चों के अभिभावको ने बताया कि समय रहते हुए रिक्त पदों को नहीं भरा गया तो स्कूल की तालाबंदी जारी रखते हुए सभी स्टूडेंट्स की टीसी कटवाते हुए निजी स्कूलों में एडमिशन करवाया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि एक तरफ तो सरकार शिक्षा को बढावा देने के लिए सरकारी स्कूलों में नामाकंन बढाने का दावा कर रही है। दूसरी तरफ स्कूलों में रिक्त पदों को नहीं भरने से बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। फिर भी कोई सुनवाई तक नही कर रहे है। हालांकि सरदारशहर सीबीईओ कार्यालय के द्वारा दो शिक्षकों का डेपूटेशन जरूर किया है। इनमें से एक शिक्षक ड्यूटी दे रहा है जबकि एक शिक्षक तो मात्र दो ही दिन आया था। वह अभी नहीं आ रहा है। जिसके चलते ग्रामीणों में रोष है। इस मौके पर हरसिंह, भंवरलाल, कन्हैयाल, दयानंद, हरीराम मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर लगाया ताला:स्कूल में रिक्त पदों को भरने की मांग, बोले- 21 में से 17 पद खाली











