सरदारशहर एक्सप्रेस / मनीष पांडिया। सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए लायंस क्लब सरदारशहर डायमंड एवं अंधता निवारण समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 12 अप्रैल (रविवार) को नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर स्वर्गीय पत्रकार गोविंद जी पारीक की स्मृति में आयोजित हो रहा है, जिसकी प्रेरणा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री देवी से मिली है। आयोजन में उनके सुपुत्र कमल पारीक एवं विमल पारीक का विशेष सहयोग रहेगा। शिविर का आयोजन अर्जुन क्लब, राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गांधी विद्या मंदिर रोड, सरदारशहर में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा।
इस दौरान शंकरा आई हॉस्पिटल, जयपुर के अनुभवी नेत्र रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच करेंगे और जिन मरीजों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें चयनित कर जयपुर ले जाया जाएगा, जहां उनका लेंस प्रत्यारोपण पूर्णतः नि:शुल्क किया जाएगा। मीडिया प्रभारी अंजना भोजक के अनुसार, चयनित मरीजों के लिए आने-जाने की व्यवस्था, ऑपरेशन, जांच तथा दवाइयों सहित संपूर्ण उपचार पूरी तरह मुफ्त रहेगा। उन्होंने बताया कि शिविर में आने वाले मरीज अपने साथ आधार कार्ड की दो प्रतियां तथा यदि पहले से कोई दवा चल रही हो तो उसकी संबंधित जांच रिपोर्ट अवश्य लेकर आएं, यह शिविर क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां वे बिना किसी आर्थिक भार के अपनी आंखों की जांच एवं उपचार करवा सकते हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
सरदारशहर में 12 अप्रैल को नि:शुल्क मोतियाबिंद जांच व लेंस प्रत्यारोपण शिविर











