सरदारशहर एक्सप्रेस / मनीष पांडिया। श्री डूंगरगढ़ क्षेत्र के लिखमादेसर गांव में इन दिनों भक्ति का ऐसा रंग चढ़ा है कि हर कोई राममय हो गया है। पूनमचंद रामनिवास तिवाड़ी परिवार द्वारा आयोजित श्री राम कथा के आठवें दिन माहौल पूरी तरह भावनाओं से सराबोर नजर आया। कथा वाचक शिवेंद्राश्रम जी महाराज ने जैसे ही राम-भरत मिलन का मार्मिक प्रसंग सुनाया, पंडाल में बैठे श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। वहीं जटायु उद्धार और शबरी के प्रेम की कथा ने हर दिल को छू लिया। माहौल ऐसा बना कि हर कोई भक्ति में डूबा दिखाई दिया।
लेकिन असली चर्चा का केंद्र बने भामाशाह विकास कुमार मालू, जिन्होंने उदारता की मिसाल पेश करते हुए श्री कृष्ण गोपाल गौशाला ट्रस्ट को सीधे 51 लाख रुपये का दान दे दिया। जैसे ही ये घोषणा हुई, पंडाल तालियों से गूंज उठा। इतना ही नहीं, दिनभर में कुल 61 लाख रुपये का दान का सहयोग आया। जिसने इस धार्मिक आयोजन को और भी खास बना दिया। मंच पर चक्रवाती भामाशाह विकास कुमार मालू, विनीत मालू, राजस्थान ब्राह्मण महासभा प्रदेश अध्यक्ष केशरीचंद शर्मा की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ा दी।
कथा स्थल पर उमड़ी भीड़ ने साफ कर दिया कि लिखमादेसर इस समय आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है। इस अवसर पर महंत भंवरनाथ ज्याणी, शोभाकांत स्वामी, दुर्गाराम पारीक, विद्याधर पारीक साहवा, सुरेश तिवाड़ी, ओमप्रकाश सिद्ध, जितेंद्र राजवी, देवीलाल तिवाड़ी, पवन पारीक आसपालसर, ऋतिक तिवाड़ी, मनोज पारीक राजलदेसर, मांगीलाल जोशी बंधनाऊ, प. शिवकांत पारीक, तरुण तिवाड़ी, गजेंद्र तिवाड़ी, अक्षय तिवाड़ी, प्रियांशी, पार्थ, रुचिका पारीक, जगदीश प्रसाद, राम प्रसाद बोहरा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कथा का संचालन गिरधारीलाल पारीक ने किया।


लिखमादेसर बना आस्था का केंद्र, कथा के बीच 51 लाख के दान ने लूटी वाहवाही











